चंदौली। दिल्ली और देश के अन्य शहरों में कोरोना के बढ़ते मरीजों को देखते हुए सूर्य उपासना के महापर्व डाला छठ के पूजनोत्सव के दौरान किसी प्रकार के डीजे, साउंड और ढोल नगाड़ा बजाने पर रोक लगा दी गई है। पुलिस और प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए लाउड हेलर से पीडीडीयू नगर सहित बाजारों और कस्बों में एनाउंस किया कि घाटों पर भीड़ नहीं होगी और लोग घरों में पूूजा करें।
वहीं जिला प्रशासन के निर्देश पर पुलिस विभाग के लोगों ने पूजा समितियों को नोटिस जारी कर दिया है। साथ ही समिति के लोगों को शपथ पत्र देना होगा कि आयोजन के दौरान सोशल डिस्टेंस का पूरी तरह से पालन होगा। इसके अलावा तालाब और सरोवरों में पानी में रस्सी बांधने, सुरक्षा के उपकरण रखने का निर्देश है। वहीं पूजा के दौरान उपस्थित होने वाले लोगों की थर्मल स्कैनिंग और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था के लिए निकाय और ग्राम पंचायतों को करना है। इसके लिए जिला प्रशासन ने पहले ही आदेश जारी कर दिया है।