विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
मुगलसराय रामनगर मार्ग पर स्थित डिहवा गांव में खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री से नाराज ग्रामीण रविवार की सुबह लामबंद होकर सड़क पर उतरे। ग्रामीणों ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। पुलिस पर मिली भगत का आरोप लगाया। चेतावनी दी कि यदि नशे के सामान की खरीद फरोख्त नहीं रूकी तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करेंगे। बाद में गांव के ही लोगों के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में कुछ लोग खुलेआम गांजा, अफीम और शराब सहित अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री होती है। यहां तक कि डिहवा गांव मुगलसराय, रामनगर सहित आसपास के इलाके से लोग यहां पहुंचते हैं और नशे में धुत होकर उत्पात मचाते हैं। इससे आए दिन मारपीट की नौबत आती है और गांव का माहौल पूरी तरह अशांत हो जाता है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत अलीनगर थाने के अलावा मुगलसराय कोतवाली, रेलवे चौकी, जफरपुर चौकी के साथ पुलिस के आला अधिकारियों से भी की। पर कोई सुनवाई नहीं हुई। कभी कभार पुलिस छोटे मोटे कारोबारियों को पकड़ती है लेकिन छोड़ देती है। यदि गांव में नशे के कारोबार पर रोक नहीं लगी तो उग्र आंदोलन करेंगे। इस दौरान गुरुदत्त यादव, झेगई यादव, बाबूलाल यादव, बाबूराम यादव, शिव कुमार, पंकज, विकास यादव, अंजनी, बाबूल, मोलई आदि रहे।