पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे ने इसका खुलासा मंगलवार को पुलिस लाइन में की। बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर करीब तीन सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके आधार पर मंगलवार को ओमप्रकाश जायसवाल निवासी मुगलसराय, मनोज जायसवाल निवासी मुगलसराय तथा भानू जायसवाल निवासी नदेसर वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में पता चला कि रोमी पाल के दादा के नाम की पैतृक संपत्ति को फर्जी तरीके से मृतक के परिवार की दूसरी शाखा ने भानू जायसवाल को बेच दिया था। इस जमीन पर कब्जा करने का प्रयास जब सफल नहीं हुआ तो रोमी ने बैनामा रद्द कराने के लिए अदालत में मुकदमा दायर किया था। इसी रंजिश में भानू ने स्थानीय लोगों ओमप्रकाश और मनोज के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। शूटर की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थाना क्षेत्रों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर तीनों को जेल भेज दिया।