पीडीडीयू नगर। ट्रेनों के समय से परिचालन के साथ ही सुरक्षित ढंग से चलाने के लिए रेलवे सक्रिय है। इसी क्रम में मई महीने में 10 रेलकर्मियों ने सतर्कता, कार्य कुशलता और जिम्मेदारी का परिचय देखते हुए ट्रेन दुर्घटनाओं को रोका था। बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीआरएम ने रेलकर्मियों को पुरस्कृत किया। डीआरएम के हाथों प्रमाण पत्र और मेडल पाकर कर्मियों के चेहरे खिले नजर आए।
इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने सभी पुरस्कृत रेलकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूर्ण संरक्षा बनाए रखने में जमीनी स्तर पर कार्यरत रेल कर्मियों की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों को आगे भी इसी तरह सतर्क एवं सजग रहकर कार्य जारी रखने तथा मंडल में पूरी तरह संरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। इसके पूर्व डीआरएम ने विद्युत (परिचालन), यांत्रिक और परिचालन विभाग के कुल 10 चयनित रेलकर्मियों को मई में अपनी सतर्कता, कार्यकुशलता एवं जिम्मेदारी का परिचय देते हुए संभावित दुर्घटनाओं को रोकने एवं संरक्षा सुनिश्चित करने के बाबत उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। डीआरएम के हाथों सम्मानित होने वालों में टेक्नीशियन रामनरेश, लोको पायलट कमल रंजन, सहायक लोको पायलट मुकेश कुमार, लोको पायलट डीके धूसिया, सहायक लोको पायलट दिनेश सिंह, एसएम रमेश गुप्ता, पॉइंट मैन मनीष कुमार, एसएम किशोर कुमार, पॉइंट मैन हरेंद्र प्रसाद, एसएम मनीष कुमार शामिल रहे।