कंदवा। स्थानीय थाना के घोसवा गांव में किसी जंगली जानवर ने रात दो पशुओं को अपना निवाला बना लिया। इससे गांव के लोग दहशत में रात बिताने को विवश हैं। गांव में रात को आकर कोई खूंखार जानवर पशुओं को एक-एक कर निवाला बना रहा है। गांव के हरिजन बस्ती में अज्ञात जानवर के पांव का निशान भी मिले हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव के इर्द गिर्द कोई खूंखार जानवर रह रहा है जो रात को इन पशुओं का शिकार कर रहा है।
तीन दिन पहले घोसवा गांव के उत्तर दिशा में स्थित रामलाल के दरवाजे पर बंधे करीब तीन माह के बछड़े को अज्ञात जानवर ने अपना निवाला बना लिया। सुबह जब पशुपालक मौके पर पहुंचा तो बछड़े का आधा अधूरा कंकाल मिला। दूसरे दिन रात में हरिजन बस्ती के निरहू राम का बकरा अचानक गायब हो गया। जहां बकरा बंधा हुआ था, वहां किसी जानवर के पैरों का निशान पाया गया है। गांव के हरेन्द्र, मनोज, बिग्गन ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है।