जिले में कोहरे का असर दिखने लगा है। बुधवार को दिन भर पूरा जनपद कोहरे की चादर में लिपटा रहा। सुबह घना कोहरा होने से लोगों को सड़कों पर आवागमन की दिक्कत हुई। दिन भर सूर्य की आंख मिचौली चलती रही। स्थिति यह रही कि दिन में भी सड़क पर वाहन चालक हेडलाइट जलाकर चलते नजर आए। कोहरे से सर्वाधिक दिक्कत स्कूल जाने वाले बच्चों को हुई।
मंगलवार की देर रात ही कोहरे ने अपना असर दिखाना शुरू किया था। सुबह घने कोहरे की वजह से दस मीटर तक दिखाई देना भी मुश्किल रहा। इससे सबसे अधिक दिक्कत स्कूल जाने वाले बच्चों को हुई। वे कोहरे के बीच स्कूलों में पहुंचे। माह का अंतिम दिन होने से अधिकतर स्कूलों में आधे दिन के बाद छूट्टी दे दी गई। इससे अभिभावकों को राहत रही। ग्रामीण इलाकों में धान की कटाई का काम भी कोहरे की वजह से प्रभावित हुआ।
कंदवा संवाददाता के अनुसार कोहरे से सैयदराजा जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन रेंगते नजर आए। जो लोग बाइक से वैवाहिक कार्यक्रम आदि से वापस लौट रहे थे उन्हें कोहरे के चलते काफी असुविधा झेलनी पड़ी । घने कोहरे में पास की वस्तुएं भी नहीं दिखाई पड़ रहीं थी। धानापुर संवाददाता के अनुसार कोहरे का असर बाजारों में भी देखने को मिला। दूकानों खरीदारों की कमी रही। अगर आने वाले दिनों में इसी तरह कोहरे का असर बढ़ा तो इसका प्रभाव आम जन जीवन के साथ-साथ व्यापार-कारोबार व किसानी पर भी पड़ेगा। सैयदराजा, इलिया, शहाबगंज, चकिया, नौगढ़, कमालपुर, धीना आदि इलाकों में भी यही असर रहा।