धीना। थाना क्षेत्र के बैरी खुर्द गांव में शनिवार देर रात हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। घरेलू कलह और आर्थिक तंगी से परेशान एक 27 वर्षीय विवाहिता ज्योति ने अपनी 6 वर्षीय मासूम पुत्री लाडो के साथ ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
मृतका ज्योति का पति सुक्खू जमानिया स्थित एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है। शनिवार को जब वह घर आया तो पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। परिजनों का कहना है कि पति शराब का आदी था, जिसके चलते अक्सर घर में विवाद होता रहता था। आर्थिक तंगी और पति की नशे की आदत से परेशान ज्योति पिछले कई महीनों से मानसिक तनाव में थी।
विवाद के बाद ज्योति तीन वर्षीय बेटे गोलू को घर पर छोड़कर छह साल की बेटी लाडो को गोद में लेकर घर से निकल गई। पति ने उसके पीछे जाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह रास्ते में नहीं मिली। इसके बाद ज्योति धीना रेलवे स्टेशन के पास पहुंची और अपनी मासूम बेटी के साथ चलती ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही धीना थाना प्रभारी दिलीप कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मां और बेटी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रविवार को पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला के मायके पक्ष की ओर से तहरीर की तैयारी की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विवेचना की जाएगी। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या की घटना सामने आई है।
हम जनती कि अइसन करिहन त जाए ना देले रहतीं
धीना। ज्योति की शादी नौ वर्ष पूर्व गाजीपुर जनपद के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के मिर्चा गांव में हुई थी। उसके दो बच्चे थे। महिला और बच्ची की मौत ने पूरे गांव को भीतर तक हिलाकर रख दिया है। परिजन पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बिलखते नजर आए। पति सुक्खू ने बताया कि मामूली घरेलू विवाद के बाद पत्नी घर से निकली थी और कहा कि वह धीना थाने जा रही है। पुलिस की तरफ से मिली सूचना ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया। वह रो-रोकर बार-बार यही कह रहा था कि-हम जनती कि अइसन करिहन त जाए ना देले रहतीं।