जनपद के जिला अस्पताल में मरीजों की सहूलियत के लिए लगा बोर्ड उनको भ्रमित
ही कर रहा है। बोर्ड पर अंकित चिकित्सकों के नंबर फोन से डायल करने पर नहीं
लगते।
यह हाल एक दो नहीं बल्कि पूरे जिला अस्पताल में तैनात सभी 20 चिकित्सकों के नंबर का है।
गौरतलब
है कि जिला अस्पताल के ओपीडी की तरफ जाने वाले मुख्य गेट के बगल में
स्वास्थ्य महकमे ने एक बोर्ड लगा रखा है। उक्त बोर्ड पर चिकित्सक का नाम,
मोबाइल नंबर और उसका पदनाम अंकित है।
यह बोर्ड स्वास्थ्य महकमे ने इस मंशा
के साथ लगवाया है कि मरीज चिकित्सकों से सीधा संपर्क कर अपने इलाज के बारे
में बात कर सकें। लेकिन उक्त बोर्ड पर अंकित एक भी मोबाइल नंबर वर्तमान में
काम नहीं कर रहा है। आए दिन मरीज चिकित्सकों का नंबर लगाते-लगाते थक जाते
हैं।
मरीजों ने कई बार इसकी शिकायत सीएमएस डा. पीसी जायसवाल से की, लेकिन
बोर्ड पर अंकित गलत मोबाइल नंबरों को सुधारा नहीं गया। इसे लेकर मरीजों और
उनके तीमारदारों में नाराजगी है।
दूसरी तरफ सीएमएस डा. पीसी जायसवाल का
कहना है कि नए सीयूजी नंबर के लिए मोबाइल कंपनी को पत्र भेजा गया है। उसके
आने के बाद ही बोर्ड में अंकित नंबर को बदला जाएगा।