लापरवाही पर डीएम ने दो चिकित्सा प्रभारियों के इंक्रिमेंट रोके
स्वास्थ्य सेवाओं में खामी मिलने पर जताई नाराजगी
सचित्र 51
संवाद न्यूज एजेंसी
चंदौली। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें डीएम संजीव सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं में खामी मिलने पर चिकित्साधिकारियों से नाराजगी जताई। चेताया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं सुस्ती बरतने वाले अफसरों की खैर नहीं है। उन्होंने सदर और नियामताबाद के दो चिकित्सा प्रभारियों के इंक्रिमेंट आगामी आदेश तक रोकने के लिए सीएमओ को निर्देश दिया।
जननी सुरक्षा योजना के तहत संस्थागत प्रसव में कराने में नियामताबाद, चंदौली, मुगलसराय, जिला चिकित्सालय तथा चकिया अस्पताल में प्रगति संतोषजनक नहीं है। डीएम ने एएनएम व आशा कार्यकर्ताओं के कार्य की समीक्षा करने का निर्देश दिया। कहा कि लापरवाह लोगों के खिलाफ त्वरित रुप से कार्रवाई जरूरी है। इसमें किसी प्रकार सुस्ती ठीक नहीं है। उन्होंने नियमताबाद एवं सदर के डीसीपीएम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके इंक्रिमेंट को आगामी आदेश तक रोकने का निर्देश जारी किया। साथ ही मानिटरिंग के लिए तैनात अफसरों से स्पष्टीकरण मांगने के लिए सीएमओं को जिम्मेदारी दी। कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के लिए संचालित एंबुलेंस की सुलभता तथा उसका मेंटेनेंस जरुरी है। संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर एंबुलेंस में जरुरी सुविधाएं मौजूद रहनी चाहिए। समीक्षा के दौरान अनुपस्थित रहने पर डीएम ने पराहूपुर और महमूदपुर के चिकित्सा प्रभारी से स्पष्टीकरण लेने के लिए सीएमओं को निर्देशित किया। इस दौरान सीडीओ अजितेंद्र नारायण, सीएमओ डॉ. वीपी द्विवेदी, डॉ. डीके सिंह, डॉ. आरबी शरण मौजूद रहे।
रिपोर्ट रविकांत सिंह