चंदौली। जमीन समस्याओं की शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले राजस्व निरीक्षक अजीत कुमार सिंह को जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने फटकार लगाई। संपूर्ण समाधान दिवस पर शनिवार को डीएम ने बबुरी के रहने वाले फरियादी की शिकायत पर राजस्व निरीक्षक को काम करने के तरीके में सुधार लाने और फरियादी की समस्या का समाधान एक दिन में न कराने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिले सभी तहसीलों पर संपूर्ण समाधान दिवस अधिकारियों और पुलिस ने जनसुनवाई की। इस दौरान कुल 245 फरियादियों में से 21 का समाधान किया। जिला स्तरीय समाधान दिवस सदर तहसील सभागार में किया जहां डीएम की मौजूदगी में 73 शिकायतें आईं। इनमें मात्र पांच शिकयतों का समाधान मौके पर किया गया। चकिया तहसील सभागार में सीडीओ एसएन श्रीवास्तव, एसडीएम दिव्या ओझा के सामने 68 फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र दिया। इनमें सात प्रार्थना पत्रों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया। सकलडीहा में एसडीएम अनुपम मिश्रा से 57 फरियादियों ने प्रार्थना पत्र दिया इनमें पांच का मौके पर निस्तारण कराया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील सभागार में अपर जिलाधिकारी को 47 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें चार का निस्तारण कराया गया। 43 आवेदन संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारी को एक सप्ताह में प्राथमिकता के आधार पर समाधान के भेज दिया गया।
इनसेट
समस्या सुनाने के बाद बेहोश हो गई फरियादी
सदर तहसील में समस्या का समाधान कराने पहुंची बरठी गांव की रहने वाली कामिनी सिंह सभागार से बाहर निकली की तभी शुगर लेवल कम हो जाने के कारण बेहोश हो गई। मौके पर पहुंची चिकित्सकों की टीम उपचार कर सरकारी वाहन से महिला लेखपालों के साथ घर तक पहुंचाया।