चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संजीव सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यक्रमों के प्राथमिकता के 37 बिंदुओं की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें सरकारी विभागों पर बिजली बिल बकाया मिलने पर नाराजगी जताई। एक्सईएन विद्युत को बकाएदार विभागों के अधिकारियों संग बैठक कर बिल जमा कराने के निर्देश दिए। विकास की समीक्षा करते हुए डीएम ने शासन की मंशा के अनुरूप जिले में चल रहे विकास कार्यक्रमों और योजनाओं का क्रियान्वयन समय से और पूरी पारदर्शिता के साथ करने का निर्देश दिया।
बैठक में समीक्षा के दौरान डीएम विभिन्न विभागों पर बिजली बिल का बकाया देख आक्रोशित नजर आए। सबसे अधिक बिजली बिल पुलिस, बेसिक शिक्षा, पंचायत राज विभाग पर मिले। इस पर डीएम ने एक्सईएन को इन विभागों के अधिकारियों के साथ अलग से बैठक कर बिजली बिल वसूूली का निदेश दिया। कहा कि इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके पूर्व डीएम ने कहा कि हर हाल में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मिलना चाहिए। योजनाओं को पूरा करने में किसी प्रकार की हीलाहवाली नहीं चलेगी। किसी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। बैठक में आयुष्मान गोल्डेन कार्ड, पंचायत भवन निर्माण की स्थिति की समीक्षा की। बाल विकास विभाग तथा पंचायत राज विभाग के अधिकारियों को अब तक कराए गए कार्यों की वास्तविक सूची तैयार कर तीन दिन में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सहकारी देयो एवं एनपीए की वसूली की स्थिति अच्छी न होने पर विशेष प्रयास कर वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया। डीएम ने पीएम सम्मान निधि के लाभार्थियों का सत्यापन तेजी से करने को कहा। समीक्षा में प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाने का भी निर्देश दिया। कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अभियान चलाकर प्लास्टिक जब्त किया जाए। उन्होंने बरसात के पहले शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नाले नालियों की साफ सफाई कराने पर जोर दिया। इस दौरान पौधरोपण, तालाब खुुदाई की भीसमीक्षा की गई।