चंदौली। परिषदीय विद्यालयों में शौचालय निर्माण में अनियमितता करने वाले अफसरों पर जल्द गाज गिर सकती है। डीएम संजीव सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक में कार्रवाई के संकेत भी दिए हैं। उन्होने आपरेशन कायाकल्प के तहत कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिया। साथ ही सुस्त कार्य प्रणाली के चलते कई सहायक विकास अधिकारियों को चेतावनी दी। डीएम ने कहा कि परिषदीय स्कूलों की सूरत बदलने के लिए आपरेशन कायाकल्प संचालित है। स्कूलों में मानक के अनुरूप शौचालय, पेयजल, सफाई व्यवस्था व टाईल्स आदि लगाने का काम किया जाए। निर्माण कार्य में किसी भी सूरत में घटिया सामग्री का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। निर्देशों की अवहेलना करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी पैसे का दुरूपयोग करने वाले किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने डीपीआरओ को शौचालय निर्माण के शिकायतों की पूरी रिपोर्ट तैयार कर तीन दिनों के अंदर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। पिछली बैठक के सापेक्ष इस बार कोई खास प्रगति न होने पर संबंधित अधिकारियों की क्लास लगाई। कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरती जाए। विभाग की ओर से जो भी विकास कार्य कराए जा रहे हैं, उनकी पूरी डिटेल रजिस्टर में अपडेट रखें। ताकि जरूरत के वक्त जानकारी प्राप्त की जा सके। उन्होंने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना व प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के सही ढंग से क्रियान्वयन पर जोर दिया। कहा कि पहले अधिकारी खुद का बीमा कराएं। इससे समाज में अच्छा संदेश जाएगा और लोग भी योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित होंगे। बैठक में सीडीओ अजितेंद्र नारायण, डीडीओ पदमकांत शुक्ला, डीपीआर ब्रम्हचारी दुबे, बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह, एलडीएम पीके झा, बीडीओ रक्षिता सिंह, सरिता सिंह, राजीव कुमार भारती उपस्थित रहे।