सोनभद्र। जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए शुक्रवार को मरीजों की भीड़ रही। नंबर लगाकर मरीज जांच के लिए परेशान रहे। पूरे दिन में 30 मरीजों की जांच हुई। डॉक्टर के न आने से बृहस्पतिवार को जांच नहीं हो पाई थी। लिहाजा सुबह से ही मरीज पहुंच गए थे।
मेडिकल कॉलेज से संबंद्ध जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट का पद पिछले दो वर्ष से रिक्त है। स्थाई तैनाती न होने से मरीजों को परेशान होना पड़ता है। वैकल्पिक तौर निजी केंद्रों के चिकित्सकों का रोस्टर तय कर एक दिन जिला अस्पताल में सेवा देने के लिए निर्देश दिए गए हैं। निजी केंद्रों के चिकित्सक आए दिन अनुपस्थित रहते हैं, जिसके चलते अस्पताल की अल्ट्रासाउंड सेवा प्रभावित रह रही है। पिछले दिनों लगातार सात दिनों तक सेवा ठप थी। इसके बाद संचालन शुरू हुआ था, मगर बृहस्पतिवार को डॉक्टर के न आने से मरीजों को वापस लौटना पड़ा था। शुक्रवार को सुबह से ही मरीज अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर जुट गए थे। नंबर लगाने के बाद काफी देर तक इंतजार करने पर उन्हें जांच का मौका मिला।