जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से एक नवंबर को भदोही के कारपेट सिटी स्थित एक्सपो मार्ट में मेगा बृहद विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की तैयारियों पर चर्चा के लिए बुधवार को जनपद न्यायालय ज्ञानपुर सभागार में बैठक हुई।
जिसमें मेगा कैंप के माध्यम से जनसामान्य को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विधिक सेवाओं के संबंध में लोगों को जागरूक करने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आनंद मिश्रा ने तैयारियों की समीक्षा की। नोडल अधिकारी अपर जिला जज पुष्पा सिंह ने बताया कि जमीनी स्तर पर वंचित लोगों तक सरकारी योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी पहुंचाई जाएगी और पात्र लाभार्थियों को अधिकतम लाभ प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित स्टॉल लगाने और लोगों को लाभान्वित किए जाने के लिए पात्रों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। संवाद