पड़ाव चौराहे पर सोमवार शाम किराये को लेकर यात्री से हुए विवाद के बाद ऑटो चालक ने पुलिस पिकेट के बूथ में लगे शीशे तोड़ दिए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने ऑटो चालक और उसके साथ एक अन्य युवक को पकड़ लिया। दोनों को जलीलपुर चौकी ले जाया गया। बाद में चालक ने टूटे शीशे बदलवाने का आश्वासन दिया।
सुजाबाद निवासी विकास सोमवार शाम करीब चार बजे ऑटो से सवारी लेकर वाराणसी से पड़ाव चौराहे पहुंचा था। वहां यात्री से किराये को लेकर उसकी बहस होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट होने लगी। मौके पर पहुंची यातायात पुलिस ने दोनों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद नहीं थमा। इससे आक्रोशित ऑटो चालक ने पुलिस पिकेट के चारों तरफ लगे शीशे तोड़ दिए। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक को पकड़कर जलीलपुर चौकी पहुंचाया। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि ऑटो चालक ने टूटे हुए शीशे बदलवाने की बात कही है।