अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुहल्ले के एक लान में आयोजित शादी समारोह में नाचने का लेकर शुक्रवार की रात दो पक्षों में मारपीट हो गई। बवाल बढ़ा तो मनबढ़ों ने आधा दर्जन वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में ही शादी की बाकी रस्म पूरी हुई। हालांकि इस मामले में किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
सकलडीहा के इटवां गांव के परमहंस पांडेय के लड़के विकास की शादी अलीनगर स्थित एक लान में आयोजित हुई। द्वार पूजा के बाद कुछ बाराती नाचने लगे। डीजे पर नाचने को लेकर घराती और बराती पक्ष में पहले तूतू मैंमैं हुई और इसके बाद मामला बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष मारपीट शुरू कर दिया। इस दौरान स्थानीय युवकों ने लाठी डंडे निकाल लिए और बारात पक्ष से आए वाहनों को तोड़ना शुरू कर दिया। देखते ही देखते आधा दर्जन वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। इस दौरान मौके पर खलबली मच गई।