चंदौली। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की मासिक बैठक शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में हुई। अध्यक्षता एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने की। इसमें जिले भर से आए व्यापारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को खुलकर रखा और अधिकारियों से समाधान की मांग की। व्यापारियों ने मुख्य रूप से सुरक्षा व्यवस्था, जाम, यातायात समस्या के साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की आवश्यकता आदि मुद्दों को अधिकारियों के सामने उठाया।
व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने आश्वासन दिया कि सुरक्षा से जुड़ी हर समस्या को प्राथमिकता पर सुलझाया जाएगा। जिन बिंदुओं पर अन्य विभागों की भूमिका है, उनके साथ समन्वय बनाकर उसका समाधान कराया जाएगा। जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने व्यापारियों को प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी से संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। इससे आपराधिक घटनाओं पर रोका लगाई जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन का कर्तव्य है। व्यापार हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने बहादुरपुर में जाम की समस्या, पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग और व्यापारियों के साथ किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार पर कार्रवाई की मांग की। बैठक में अनिरुद्ध जायसवाल, अर्चना देवी (महिला जिलाध्यक्ष), शीला देवी, बबलू सोनी, बसंत गुप्ता, घूरे लाल कन्नौजिया, बाबू खान, सन्नी, अनिता तिवारी, शिवदास बिंद, कन्हैया पासवान, सरदार हरजीत सिंह, कंचन शर्मा, मकबूल आलम आदि मौजूद रहे।