चहनिया। शौचालय व आवास सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए विकास खंड के बेलवानी गांव की वनवासी बस्ती की महिलाओं ने बृहस्पतिवार को बीडीओ कार्यालय का घेराव किया। साथ ही जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने खंड विकास अधिकारी सतीश चंद्र त्रिपाठी को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा। बीडीओ ने शीघ्र समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन देकर महिलाओं को वापस भेजा।
महिलाओं का आरोप था कि प्रशासनिक उपेक्षा से उन्हें शौचालय, आवास, वृद्धा व विधवा पेंशन, मनरेगा के तहत काम सहित कई सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे उन्हें कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बस्ती की नाराज महिलाएं खंड विकास अधिकारी के कार्यालय का घेराव करने पहुंच गईं। इसकी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे बीडीओ ने समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। साथ ही समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सेक्रेटरी व मनरेगा हेड को बुलाकर तुरंत बस्ती की महिलाओं को काम देने का निर्देश दिया। घेराव करने वाली महिलाओं में चमेली, राधिका, संजीरा, राखी, रजिया, हीरामनी, पुष्पा, चमेला, मंझारी, तेरा, मुनिया, प्रेमा शामिल रहीं।