चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत जेठमलपुर नेशनल हाईवे पर पुलिस ने अवैध डीजल के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक छोटे टैंकर को पकड़ा। यह डीजल उत्तर प्रदेश से बिहार ले जाया जा रहा था। उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच ईंधन कीमतों के अंतर का फायदा उठाकर तस्करी की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी वीपी पांडेय ने पुलिस टीम के साथ जेठमलपुर मोड़ के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान वाराणसी की ओर से बिहार जा रहा एक छोटा टैंकर संदिग्ध स्थिति में तेज रफ्तार से गुजरता दिखा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टैंकर को रोककर जांच की।
जांच के दौरान चालक डीजल से संबंधित कोई भी वैध कागजात या रसीद प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने टैंकर को चालक सहित हिरासत में लेकर सैयदराजा थाने पहुंचाया और जिला आपूर्ति विभाग को सूचना दी। दोपहर में पहुंचे आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने जांच के बाद डीजल को अवैध पाया। विभाग की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर टैंकर को सीज कर दिया।
मामले में उस पेट्रोल पंप संचालक पर भी शिकंजा कसता नजर आ रहा है, जहां से बिना किसी वैध दस्तावेज के टैंकर में भारी मात्रा में डीजल भरा गया था। आपूर्ति विभाग ने संबंधित पेट्रोल पंप को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर पंप के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।बताया जा रहा है कि सैयदराजा समेत सीमावर्ती क्षेत्रों से बिहार में ईंधन तस्करी की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। यूपी में सस्ता तेल खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने के उद्देश्य से तस्कर सक्रिय रहते हैं। इस संबंध में कोतवाल वीपी पांडेय ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अवैध तेल परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। सीमावर्ती इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और टैंकरों की कड़ी निगरानी की जा रही है, ताकि राजस्व की चोरी और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके