स्टेशन परिसर के समीप स्थित तालाब में शुक्रवार को उतराए मिले युवक की हत्या पैसे के बंटवारे को लेकर की गई थी। कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के अंदर हत्यारोपितों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपित रेलवे स्टेशन पर चाय और बोतल का पानी ट्रेनों के जनरल कोचों में बेचा करते हैं।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि मूल रूप से बिहार और वर्तमान के रामापुरा निवासी मृतक तौहीद पुत्र मो. जहांगीर मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर अवैध तरीके से चाय और बोतल का पानी बेचा करता था। इस बीच उसकी दोस्ती बिहार के जितेंद्र चौरसिया, सोनू कुमार यादव, फौजदार मुहम्मद और गोलू कहार से हो गई। पांचों युवक एक साथ मिलकर विभिन्न ट्रेनों में चाय पानी बेचने के साथ ही छोटी-छोटी चोरी एवं छिनैती की वारदातों को भी अंजाम दिया करते थे।
गुरुवार को चोरी के पैसे को लेकर सभी में बातचीत हुई और देर रात नि:शक्तजनों के लिए बन रहे नव निर्मित रैंप के पास मिलने की बात हुई। देर रात पांचों नियत स्थान पर पहुंचे।
पांचों ने छककर शराब पी। नशे की हालत में पैसे के बंटवारे की बात आई तो उन लोगों में कहासुनी होने लगी और जितेंद्र चौरसिया, सोनू कुमार यादव, फौजदार मुहम्मद एवं गोलू कहार ने एक साथ मिलकर ईट-पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी और शव को समीप के तालाब में फेंक दिया। जानकारी होने पर शुक्रवार की सुबह मृतक तौहीद के पिता मो. जहांगीर ने घटना के बाबत कोतवाली पुलिस को पुत्र की हत्या किए जाने की तहरीर दी थी। जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार यादव अपने हमराहियों संग दबिश देकर चारों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया।