तेंदुआ को पकड़ने के लिए रखा पिंजरा।
अलीनगर थाना के समीप ही एक अहाते में छिपा तेंदुआ शुक्रवार को काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिला। कानपुर से आयी विशेषज्ञों की टीम भी नहीं खोज सकी। बाद में वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि रात में ही तेंदुआ अहाते से निकल कर भाग गया। वहीं तेंदुए के चलते लोगों के मन में खौफ है।
अलीनगर थाना के दूसरी तरफ पुराने जीटी रोड से सटे एक आरा मशीन के अहाते में गुरुवार को एक तेंदुआ घुस गया। पतंग उड़ाते बच्चों ने तेंदुआ को देखा तो शोर मचाया। लोगों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रात में थोड़ी देर खोजबीन करने के बाद कानपुर से टीम बुलाई गई। सुबह दस बजे काशी वन्य जीव प्रभाग के डीएफओ गोपाल ओझा पहुंचे और 11 बजे के करीब कानपुर से आयी पांच सदस्यीय टीम ने दिन भर तलाश की। डीएफओ ने कुछ वन कर्मियों को साथ लेकर खोजबीन शुरू की। कभी आग जलाकर तो कभी टीन पीटकर तेंदुआ को खोजने का प्रयास किया लेकिन तीन-चार घंटे की कवायद बेकार गई। दोपहर तीन बजे डीएफओ ने बताया कि रात में ही तेंदुआ भाग गया । वहीं रात आठ बजे मुगलसराय के अपयार्ड में तेंदुआ देखने जाने की सूचना मिली। इससे एक बार फिर वन विभाग सक्रिय हो गया।