कृषि विज्ञान केंद्र के सभागार में सोमवार को विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को साकार करने के लिए संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राज्य को विकसित बनाने के रोडमैप पर विचार-विमर्श किया गया।
इसमें जनपद के लालजी राय (सेवानिवृत्त आईएएस), डॉ. सुरेश कुमार कनोडिया (सेवानिवृत्त प्रोफेसर) और डॉ. नरेंद्र रघुवंशी (वरिष्ठ विज्ञानी) ने भाग लिया। इन प्रबुद्धजनों ने जनपद स्तरीय अधिकारियों से संवाद कर यूपी को भी विकसित बनाने के रोडमैप पर विचार-विमर्श किया।
विकास भवन सभागार में शासन की ओर से चिह्नित तीन थीम और 12 सेक्टर से संबंधित सुझाव व फीडबैक लिए गए। इस दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने आश्वस्त किया कि निर्देशों के क्रम में सभी अधिकारी बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक नागरिक को पोर्टल के माध्यम से सुझाव देने का अवसर है। उन्होंने बताया कि दिए गए सुझावों की समीक्षा कर ही नीतियां बनाई जाएंगी और विकसित उत्तर प्रदेश 2047 का रोडमैप तैयार होगा।
मूल्यवान सुझाव देने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क और सरल है। इस अवसर पर सीडीओ आर. जगत सांई, सीएमओ डा. वाई.के. राय सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
कैसे दें सुझाव?
डीएम ने कहा कि समर्थ उत्तर प्रदेश–विकसित उत्तर प्रदेश 2047 की दिशा में सुझाव पोर्टल https://samarthuttarpradesh.up.gov.in
पर उपलब्ध है।
- क्यूआर कोड स्कैन करें या पोर्टल ओपन कर सुझाव फार्म बटन पर क्लिक करें।
- मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी भरें।
- फार्म खुलने पर सुझाव लिखें या वॉइस नोट के रूप में दर्ज करें।
- संपूर्ण जानकारी भरने के बाद फार्म सबमिट करें।