सकलडीहा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए शनिवार को भी धरना जारी रखा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। धरनारत कार्यकर्ता कालेज प्रशासन को धरना स्थल पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
बता दें कि सकलडीहा पीजी कालेज में छात्र के साथ हुए दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य समेत अन्य लोगों को कार्यालय में बंद कर दिया था। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सीओ समेत कोतवाली पुलिस ने सभी कर्मचारियों को कमरे से बाहर निकलवाया। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान सीओ और कोतवाली पुलिस पर बर्बरता करने का आरोप लगाया। पुलिस अधिकारियों व कालेज प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। दसवें दिन शनिवार को भी कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहे। वहीं कार्यकर्ताओं ने इस दौरान प्रदर्शन भी किया। इस मौके पर जिला संयोजक कुंदन सिंह, संगठन मंत्री विद्या सागर, विनय पांडेय, अवनीश पांडेय, विकास राय, अंकित पांडेय, अखिलेश राजभर, रोहित तिवारी, रियासत अली, शैलेष मिश्रा, अजय जायसवाल, सुखदेव मौजूद रहे।