पीडीडीयू नगर। नगर के 15 से 20 की संख्या में नागरिकों ने बुधवार को फोरलेन सड़क के निर्माण की नापी की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में पहुंचा। वहां प्रतिनिधिमंडल ने सहायक अभियंता पीके त्रिपाठी को फोरलेन के बजाय सिक्स लेन सड़क बनाने की मांग को लेकर मांगपत्र सौंपा। उनका कहना था कि कहा कि पड़ाव से गोधना तक सिक्स लेन सड़क प्रस्तावित थी। नगर में मात्र 34 फीट चौड़ी सड़क बनाई जा रही है। इससे जाम की समस्या से निजात नहीं मिल सकेगा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे संतोष कुमार पाठक ने नगर में सिक्स लेन सड़क बनाने की मांग करते हुए कहा कि इससे लोगों को जाम से समस्या से निजात मिल सकेगी। उन्होंने विस्थापित व्यापारियों को पुनर्स्थापित करने की मांग की। पत्रक सौंपने से पहले लोगों ने सड़क की नापी की और सड़क 34 फीट चौड़ी बनाए जाने पर विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि पड़ाव चौराहे से लेकर के गोधना बाईपास तक सिक्स लेन सड़क प्रस्तावित थी, लेकिन गुरुद्वारा के पास आकर सड़क फोरलेन में तब्दील हो गई है। लोगों ने सिक्स लेन सड़क बनाने की मांग की। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ने बताया कि शासन की ओर से जारी मानचित्र के अनुरूप सड़क बनवाई जा रही है। पत्रक सौंपने वालों में संतोष उपाध्याय, ऋषि मिश्रा, अशोक सोनकर, सुमित सिंह, राकेश सिंह, शशि मिश्रा, प्रीतम सिंह आदि शामिल रहे।