Chandauli News: जिले के श्रीकांठपुर गांव में एक होमगार्ड जवान का शव उसके घर के बरामदे में तख्त के नीचे मिला। उसके कान से खून निकल रहा था। घरवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के श्रीकांठपुर गांव में बुधवार की अलसुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई। उसका शव घर के बरामदे में तख्त के नीचे पड़ा मिला। कान से खून निकलता देख परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
मृतक की पहचान विजय कुमार भारती (52 वर्ष) निवासी श्रीकांठपुर के रूप में हुई है। वह होमगार्ड विभाग में तैनात थे और वर्तमान में उनकी ड्यूटी अलीनगर थाने में लगी हुई थी। बताया गया कि मंगलवार की देर शाम ड्यूटी समाप्त कर वह अपने घर लौटे थे। बुधवार की सुबह उनका शव घर के बरामदे में तख्त के नीचे संदिग्ध अवस्था में मिला। कान से खून निकलने के कारण परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस टीम, स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। होमगार्ड जवान की अचानक हुई मौत से गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।
विज्ञापन
थानाध्यक्ष बबुरी किशोर मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।