सदर कोतवाली क्षेत्र के झांसी गांव के समीप शनिवार को नेशनल हाइवे पर ट्रक को ओवरटेक करने में एक डीसीएम ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में डीसीएम चालक व खलासी गंभीर रूप घायल हो गए।
ग्रामीणों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डीसीएम चालक की मौत हो गई और खलासी को वाराणसी रेफर कर दिया गया।
औरेया जिला के फफूंद गांव निवासी चालक दीपू (28) अपने भाई अनिल (25) डीसीएम पर दफ्ती लादकर बिहार जा रहा था। दीपू झांसी गांव के समीप आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास करने लगा, तभी डीसीएम अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। इससे डीसीएम का केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त और उसमें बैठे चालक दीपू व खलासी अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और केबिन में फंसे चालक और खलासी को बाहर निकालकर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम को सड़क से हटाया, तब जाकर यातायात बहाल हो सका। उपचार के दौरान दीपू की मौत हो गई, अनिल को वाराणसी रेफर कर दिया। बताते है कि मृतक दीपू अनिल का सगा भाई था।