चंदौली जिले के फगुईया गांव निवासी जगदीश प्रसाद अपने मकान में एक बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र (मिनी बैंक) संचालित करते हैं। यहां उनका एक रिश्तेदार बिहार के भभुआ जिले के हाटा निवासी जितेंद्र कुमार(25) सहयोगी के तौर पर कार्यरत है। शुक्रवार सुबह जितेंद्र मिनी बैंक को खोलकर अन्य कार्य में जुटा था। इसी बीच बाइक सवार दो युवक आए और रुपयों से भरा बैग लेकर भागने की कोशिश की।
जितेंद्र ने विरोध किया तो एक बदमाश ने पिस्टल गोली मार दी। जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और काफी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को देने के साथ ही घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एएसपी दयाराम ने बताया कि घायल युवक खतरे से बाहर है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। धानापुर, सकलडीहा में लाखों की लूट के बाद आज फगुइया गांव में कर्मचारी को मारी गोली।
जिले के ग्राहक सेवा केंद्रों को लगातार हौसला बुलंद लुटेरे निशाना बना रहे हैं पर पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। सकलडीहा और धानापुर ग्राहक सेवा केंद्र से बेखौफ बदमाशों ने तमंचे के बल पर लाखों रुपये लूट लिए थे। लेकिन घटना के दो महीने बाद भी चंदौली पुलिस के हाथ खाली हैं। सदर ब्लॉक के फगुइया गांव में शुक्रवार को पैसे न देने पर ग्राहक सेवा केंद्र के कर्मचारी को बदमाशों ने गोली मार दी। सबसे बड़ी बात की ये तीनो घटनाएं दिनदहाड़े हुई हैं जो जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ी करती है।
धानापुर कस्बा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक सेवा केंद्र पर 25 मई को पहुंचे तीन बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा सटाकर केंद्र के संचालक अनंत कुमार श्रीवास्तव से 3.80 लाख रुपये लूट लिए। रुपये से भरा बैग ले जाते वक्त हवाई फायरिंग भी की। भुक्तभोगी ने थाने में 3.80 लाख रुपये लूटे जाने की तहरीर दी। एसएसपी ने बदमाशों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया पर अभी तक इस मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं।
इसी तरह 07 मई को सकलडीहा तुलसी आश्रम स्थित स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से दिनदहाड़े संचालिका सीमा सिंह से तमंचे के बल पर बाइक सवार बदमाशों ने 28 हजार रुपये लेकर भाग गए। संचालिका कई दिनों तक पुलिस के उच्चाधिकारियों के यहां गुहार लगाती रहीं पर पुलिस कुछ नहीं कर सकी। यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला गया। इन दो घटनाओं के बाद पुलिस की सुस्ती से बेखौफ होकर बदमाशों ने शुक्रवार को दिनदहाड़े तीसरी घटना को अंजाम दिया और सदर ब्लॉक के फगुइया में ग्राहक सेवा केंद्र के कर्मचारी को पैसे न देने पर गोली मारकर फरार हो गए।