घोसवा में पुलिया निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा। संवाद
पीडीडीयू नगर/कंदवा। जिले के बरहनी ब्लॉक स्थित घोसवा में नहर पर करीब 59 लाख रुपये की लागत से पुलिया का निर्माण शुरू कर दिया गया है। पुलिया बन जाने से दो ब्लॉकों सकलडीहा व बरहनी के ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
पुलिया जर्जर होने के कारण किसानों को ट्रैक्टर और कृषि उपकरण ले जाने के लिए कई किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
नरायनपुर पंप कैनाल से निकली नहर पर पुलिया का निर्माण दो साल से लटका है। बरहनी ब्लॉक स्थित घोसवा गांव के पास स्थित पुलिया 12 साल से क्षतिग्रस्त है। इसकी रेलिंग टूटकर नहर में गिर चुकी है और रैंप भी क्षतिग्रस्त हो चुका है। इससे पुलिया से होकर आना-जाना खतरनाक हो गया है। सिंचाई विभाग की ओर से इसके निर्माण के लिए 59 लाख की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी गई थी।
जिसे पिछले साल नवंबर में शासन से मंजूरी मिल गई थी, लेकिन नहर में पानी होने के कारण निर्माण शुरू होने में विलंब हो रहा था। अब नहर में पानी सूखने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। पुलिया का निर्माण होने से लोगों को रेलिंग विहीन जर्जर और क्षतिग्रस्त पुलिया से होकर आने-जाने की समस्या से छुटकारा मिलेगा। सिंचाई विभाग चंद्रप्रभा प्रखंड के एक्सईएन हरेंद्र कुमार का कहना है कि घोसवा में क्षतिग्रस्त पुलिया की जगह नई पुलिया का निर्माण शुरू कर दिया गया है। कार्यदायी संस्था को बारिश से पहले पुलिया का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।