पीडीडीयू नगर। छठ पूजा संपन्न होने के बाद घर लौटने वालों की भीड़ पीडीडीयू जंक्शन पर उमड़ पड़ी है। पूर्व मध्य रेलवे की ओर से कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन के बावजूद यात्रियों की संख्या इतनी अधिक है कि प्लेटफार्मों पर पैर रखने की जगह नहीं बची। जनरल कोचों में यात्रियों की ठसाठस भीड़ से हाल यह है कि कई लोग दरवाजों और खिड़कियों पर लटककर सफर करने को मजबूर हैं।
लोक आस्था का महापर्व डाला छठ के बाद काम पर लोग लौटने लगे है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से 50 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं। बावजूद इसके अप की ट्रेनों में भीड़ हो रही है। हालांकि प्लेटफाॅर्म पर उतनी भीड़ नहीं है। वहीं नियमित ट्रेनों में स्पेशल ट्रेनों के मुकाबले अधिक भीड़ है। बृहस्पतिवार को अप की ओर जाने वाली पंजाब मेल, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, हिमगिरी एक्सप्रेस, जोधपुर, धनबाद लुधियाना, पूर्वां, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस सहित विभिन्न ट्रेनों में भीड़ रही। भीड़ को संभालने में आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग की टीम जुटी रही। वहीं स्काउट एंड गाइड की ड्यूटी लगाई गई। आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि ट्रेन के प्लेटफार्म पर रुकने पर लोग सुरक्षित सवार हो और उतरें। इस पर विशेष नजर रखी जा रही है।