सकलडीहा/कंदवा। कालेज खोले जाने को लेकर निर्देश जारी होने के बाद से इंटर कालेज व महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं की चहल-पहल बढ़ गई है। कालेज पहुंचकर छात्र-छात्राएं काफी खुश हैं। वहीं महाविद्यालय और विद्यालय प्रशासन की ओर से कोविड के नियमों का पालन किया जा रहा है।
सकलडीहा पीजी कालेज में एमए की ऑनलाइन कक्षाएं 15 नवंबर से चल रही है। वहीं बीए प्रथम वर्ष में 825 सीटों में से 580 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश ले लिया है। 30 नवंबर तक कॉउंसलिंग कार्य पूरा कर 02 दिसम्बर से कक्षाएं शुरु हो जाएंगी। प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही छात्र -छात्राओं को प्रवेश दिया जा रहा है। इसके साथ ही मास्क लगाने बिना किसी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। कंदवा क्षेत्र के अरंगी स्थित सर्वोदय इंटर कालेज में अध्ययनरत 715 छात्र -छात्राओं में से बुधवार को 400 छात्र- छात्राएं विद्यालय पहुंचे। छात्रों की संख्या को देखते हुए प्रधानाचार्य डॉ कृष्णकांत तिवारी ने बिना मास्क वाले छात्र- छात्राओं को कड़ी चेतावनी देते हुए घर वापस लौटा दिया। प्रधानाचार्य ने बताया कि थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही छात्रों को विद्यालय में प्रवेश दिया जा रहा है। सबको मास्क लगाकर आने, सामाजिक दूरी का पालन करने और कोविड 19 से बचाव की भी जानकारी प्रतिदिन शिक्षकों की ओर से दी जा रही है। इस दौरान सियाराम सिंह, राजकुमार सिंह, त्रिवेणी राम, गिरीराज द्विवेदी, सच्चिदानंद पांडेय, श्वेता सिंह, ध्रुव पांडेय शिक्षक मौजूद रहे।