बाजारों में खरीदारों की भीड़, लगा जाम
जाम छ़ड़ाने में पुलिस व यातायात कर्मी होते रहे हलकान
सचित्र-
संवाद न्यूज एजेंसी
पीडीडीयू नगर। होली के एकदिन पूर्व सोमवार को नगर सहित जिले के सभी प्रमुख बाजारों में लोगों को भयंकर जाम का सामना करना पड़ा। आलम यह था कि बाजार में पूरे दिन वाहनों के पहिए रेंगते रहे और तिल रखने को भी जगहनहीं मिल रही थी। इसके अलावा सड़कों के किनारे रखी होलिकाएं और ठेले व खोमचे वालों की दुकानों के कारण भी जाम लगता रहा। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
होली के मद्देनजर बाजार में खरीदारों की जमकर भीड़ उमड़ी। इससे भयंकर जाम की स्थिति बनी रही। जाम में फंसे वाहनों के पहिए सुबह से शाम तक रेंगते रहे। इससे दूर दराज से आकर स्थानीय रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने वालों को भी परेशानी उठानी पड़ी। नगर में जीटी रोड के आसपास की मिठाई, कपड़ो आदि दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी। बाजार में आने वाले लोग अपने चार व दो पहिया वाहन सड़क पर ही खड़ा कर खरीदारी करते रहे। जीटी रोड की दोनों पटरियों पर रंग, अबीर, गुलाल, पिचकारी, मुखौटे आदि बेचने वालों की दुकानें लगी हुई थीं। वहीं सोमवार को जीटी रोड पर लगने वाले साप्ताहिक बाजार पर भी खरीदारों की भीड़ होने से जाम लगता रहा। साप्ताहिक बाजार के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गई थी और लोगों ने अपने वाहन भी खड़े कर दिए थे। इसके अलावा नई सट्टी, गल्ला मंडी, धर्मशाला रोड, वीआईपी गेट व जीटीआर ब्रिज पर सड़कों के जीटी रोड से जुड़ने के कारण वाहनों की अधिकता से जाम लग रहा था। सुबह के नौ बजे से जाम लगने लगा था जिसने दोपहर होते- होते भयंकर रूप ले लिया।यह स्थिति रात के लगभग 10 बजे तक बनी रही।
हांफती रही पुलिस, लगता रहा जाम
जाम छुड़ाने में पुलिस व यातायात कर्मियों को काफी भागदौड़ करनी पड़ी। स्थिति काबू में न आते देख वे भी सुस्ताने के लिए रुक जा रहे थे। पूरे दिन वे एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाम छुड़ाने के लिए पसीना बहाते रहे। प्रशासन ने जीटीआर ब्रिज, वीआईपी गेट, धर्मशाला रोड, नई सट्टी व कोतवाली के असापास पुलिस व यातायात कर्मियों की ड्यूटी लगा रखी थी। बावजूद इसके जाम लगता रहा और कर्मी हांफते रहे।