कोतवाली क्षेत्र के नरसिंहपुर गांव के समीप हाईवे पर शुक्रवार को दोपहर बाद
तीन बजे बस की टक्कर से बेकाबू टैंकर दो साइकल सवारों को चपेट में लेते
हुए गड्ढे में चला गया।
इसमें वेल्डिंग मिस्त्री की मौके पर मौत हो
गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक ने वाराणसी ले जाते समय रास्ते में दम
तोड़ दिया।
नाराज ग्रामीणों ने मिस्त्री के शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा
दिया और मुआवजे की मांग की। सदर एसडीएम ने चालीस मिनट के बाद जाम समाप्त
करवाया।
नरसिंहपुर गांव निवासी वेल्डिंग मिस्त्री मोहम्मद सदीक (45)
चंदौली से नमाज पढ़कर साइकल से पावर प्वाइंट स्थित दूकान पर जा रहे थे।
दूसरी तरफ बिसौरी निवासी चंद्रकांत उपाध्याय (22) साइकल से घर लौट रहा था।
नरसिंहपुर गांव के समीप आरती मिल के सामने सैयदराजा की तरफ जा रही तेज
रफ्तार बस ने आगे चल रहे एक टैंकर में टक्कर मार दी। इससे अनियंत्रित टैंकर
मोहम्मद सदीक और चंद्रकांत को कुचलता हुआ सड़क के किनारे गड्ढे में चला
गया।
लोगों ने टैंकर चालक को पकड़ लिया। दुर्घटना में सदीक की मौत हो गई,
जबकि चंद्रकांत को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक
उपचार के बाद चिकित्सकों ने चंद्रकांत को वाराणसी रेफर कर दिया, लेकिन युवक
ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
उधर, सदीक की मौत से गुस्साए लोगों ने जाम
लगा दिया। सूचना पाकर सैयदराजा थाना प्रभारी रामप्रगट यादव और अलीनगर एसओ
विनोद यादव पहुंच गए। थोड़ी देर बाद सदर एसडीएम गिरीश कुमार भी पहुंचे और
जाम खत्म कराया।