जिले में मढ़िया के पास गत वर्ष 28 दिसंबर को सराफा व्यापारी सुनील सेठ से
हुई जेवरों की लूट की घटना में शामिल तीन बदमाशों को पुलिस ने सोमवार को
चौरहट साहूपुरी मोड़ से गिरफ्तार किया।
उनके पास से पुलिस ने तीन
तमंचे, पचीस हजार नगद, छह जिंदा कारतूस के अलावा चोरी की एक बाइक तथा करीब
ढाई लाख के लूट के जेवरात बरामद हुए हैं। एसपी अमित वर्मा ने मंगलवार को
कोतवाली में इसकी पुष्टि की।
पुलिस के अनुसार गत 28 दिसंबर को मुगलसराय
थाना क्षेत्र के मढ़िया के पास सराफा व्यापारी सुनील सेठ के साथ ढाई लाख
के जेवरों की लूट की घटना हुई थी। इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली में
मुकदमा पंजीकृत हुआ था।
आठ फरवरी को लूट कांड में शामिल बदमाशों के चौरहट
साहूपुरी मोड़ पर मौजूद होने की सूचना पर क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस
वहां पहुंच गई। जहां एक बाइक से आ रहे तीन युवकों को संदिग्ध पाकर पकड़ा
गया।
पूछताछ में तीनों ने मढ़िया में हुई लूट की घटना में शामिल होने तथा
अन्य वारदातों में भी शामिल होने की बात स्वीकार की।
बदमाशों ने
बताया कि वाराणसी से चोरी किए गए सोने को उन्होंने सुनील सेठ को बेचा था।
इस मामले में उनको पूरा पैसा नहीं मिला था। इसलिए योजना बनाकर उसे लूटा
गया। इसके अतिरिक्त बदमाशों ने बीते वर्ष अक्टूबर में सैयदराजा थाना
क्षेत्र के फुटियां गांव के पास एक बाइक सवार से एक लाख रुपये की छिनैती की
थी।
गिरफ्तार आरोपियों में कमल कुमार, अनिल गुप्ता, मनोज कुमार देववंशी
सभी मुगलसराय थाना क्षेत्र के अलग अलग इलाके के रहने वाले हैं। बदमाशों को
पकड़ने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की गई
है।