क्षेत्र के विशुनपुरा कला बनवां गांव में शनिवार की रात में चोरों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपये मूल्य के गहनों को चुरा िलया। सुबह घर में जानकारी होने पर परिवार वालों में हड़कंप मच गया। भुक्तभोगी प्रेमचंद ने रविवार को सकलडीहा कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। क्षेत्राधिकारी एके गुप्ता ने बताया कि सकलडीहा कोतवाली पुलिस मामले पर कार्रवाई कर रही है।
क्षेत्र के विशुनपुर कलां बनवां गांव निवासी प्रेमचंद का पूरा परिवार शनिवार को कोतवाली क्षेत्र के मनिहरा गांव में रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने के लिए गए थे। रात में बिजली न रहने और अधिक गर्मी होने से वह घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे।
मध्य रात्रि के बाद चोर मौका देखकर घर के पीछे की खिड़की में लगे ग्रिल को काटकर घर में घुस गए। जहां से वे कमरे में आलमारी में रखा लाखों रुपये मूल्य के सोने और चांदी के गहनों के साथ दस हजार नकद लेकर फरार हो गए। सुबह शौच के लिए जा रही पड़ोस की महिलाओं ने घर के पीछे की खिड़की टूटी देख प्रेमचंद को को बताया। चोरी की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया और प्रेमचंद के घर पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। प्रेमचंद ने सकलडीहा कोतवाली में घर में चोरी होने की तहरीर दी।