कोतवाली क्षेत्र के रविनगर स्थित एसजी पब्लिक स्कूल के समीप गुरुवार की सुबह लगभग दस बजे दो लोग बाइक से आए और पीछे बैठे युवक ने पराहुपुर निवासी दूध के कारोबारी को तमंचे से गोली मार दी। पुलिस ने पीड़ित को घायलावस्था में निजी चिकित्सालय पहुंचाया। वहां से उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। चिकित्सक के मुताबिक गोली उसके लीवर को छूते हुए निकल गई है। पुलिस घटना के पीछे भूमि से संबंधित विवाद मान रही है।
कोतवाली क्षेत्र स्थित पराहूपुर निवासी शिवकुमार पासवान दूध का कारोबार करता है। पड़ोसियों के मुताबिक पराहूपुर और महमूदपुर में उसकी जमीन है। जिसका किसी से विवाद चल रहा है। गुरुवार की सुबह वह पराहूपुर स्थित घर से बाइक से कहीं जा रहा था। रविनगर स्थित एसजी पब्लिक स्कूल के समीप पीछे से एक बाइक पर आए दो युवकों ने उसकी गाड़ी रोक दी और उनमें से एक ने तमंचे से गोली मार दी। गोली पेट में से आर-पार निकल गई और बाइक की टंकी में घुस गई। कोतवाली प्रभारी विनोद यादव ने घायल को एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहां से बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पट्टेे की जमीन का विवाद सामने आ रहा है। दो लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।