मुगलसराय के शाहकुटी मोहल्ले में गत दिनों हुई टिकट परीक्षक (टीई) की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को रविवार की सुबह मुगलसराय स्टेशन से भागने का प्रयास करते वक्त गिरफ्तार कर लिया। साथ ही कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। यह खुलासा एसपी अमित वर्मा ने पुलिस लाइन में रविवार को किया।
पुलिस के अनुसार टिकट परीक्षक संजीव कुमार की शादी कुछ माह पूर्व बिहार के नवगढ़ निवासी प्रीति से हुई थी। प्रीति का दिल्ली निवासी सावन देवास से प्रेम संबंध था। प्रेम में बाधक समझ कर प्रीति ने विगत 27 अप्रैल को पति के ड्यूटी चले जाने पर अपने प्रेमी सावन देवास को घर पर बुलाया और पति संजीव कुमार को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
उसी रात संजीव जब ड्यूटी से घर लौटा तो पहले से ही घात लगाए बैठे सावन देवास और प्रीति ने उसके सिर पर डंडे से वार कर दिया। चिल्लाने पर प्रीति ने हाथ से उसका मुंह दबा दिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर संजीव पर डंडे से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने का दोनों ने प्रयास किया, लेकिन मौका नहीं मिलने के कारण शव को 28 अप्रैल की रात छत से नीचे गिरा दिया। फिर प्रीति ने मुगलसराय कोतवाली पहुंचकर पति की मौत की तहरीर दी। पुलिस ने विवेचना के दौरान मृतक की पत्नी पर संदेह होने पर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल करने के साथ ही हत्या में प्रयुक्त डंडा आदि बरामद करा दिया। एसपी अमित वर्मा ने सीओ सदर प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में घटना का खुलासा करने वाली टीम को पांच हजार का पुरस्कार देने की घोषणा की है।