मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुलहीपुर में चांदनी मार्केट के सामने टूटी दीवार के भीतर जमीन पर कब्जा करने की नीयत से कुछ लोगों ने मंगलवार की रात भू स्वामी डाक्टर समेत तीन लोगों को लाठी डंडे से पीटा। सूचना के बाद मौके पर पहुंची ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित से मिली तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
डा. अमित कुमार ने अक्टूबर 2010 में 2870 वर्ग फीट जमीन डा. हरिहर से खरीदी थी। कुछ समय बाद जब चिकित्सक ने जमीन पर दीवार बनवाना चाहा तो कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जा नहीं करने दिया। बाद में मध्यस्थता के बाद चिकित्सक ने डेढ़ बिस्वा जमीन पर दीवार बनवा दी। कुछ समय बाद दीवार का एक हिस्सा गिर गया। चिकित्सक का आरोप है कि पड़ोसी रामजी सोनकर के परिवार के सदस्य जमीन पर मड़ई लगाने लगे।
जिस पर पीड़ित ने 100 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने से पहले काफी संख्या में लोग वहां पहुंचे और लाठी डंडे से मारपीट करने लगे। जिसमें डाक्टर के परिवार की रुचि गुप्ता(28), आलोक गुप्ता (22), अनुपम गुप्ता(25) घायल हो गये।