जीआरपी ने बुधवार की भोर में रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो से ट्रेनों में यात्रियों का सामान चुराने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। उनके पास से नगदी और सामान बरामद हुआ है।
एसपी रेलवे इलाहाबाद परिक्षेत्र के निर्देशन में सीओ जीआरपी वाराणसी शेषनाथ यादव की देखरेख में स्टेशन पर लगातार संदिग्धों की जांच की जा रही है। इस क्रम में बुधवार की भोर में पौने तीन बजे प्रभारी त्रिपुरारी पांडेय, एसएसआई केदारनाथ मौर्य, एसआई राजू दिवाकर आदि प्लेटफार्म संख्या दो पर संदिग्धों की जांच पड़ताल कर रहे थे। इस बीच चार युवा संदिग्ध हाल में दिखे। उनको पकड़ कर पूछताछ की गई। उनके बैग की तलाशी लेने पर उसमें से एक लेपटॉप, दो मोबाइल सेट, तीन ब्रेसलेट, चार चूड़ी, चार कंगन, दो चेन, दो पायल, तीन अंगूठी, चांदी की एक ब्रेसलेट, 42 हजार 100 रुपये नगदी, 370 ग्राम नशीला पाउडर आदि बरामद हुए।
प्रभारी के अनुसार बरामद सामान की कीमत साढ़े आठ लाख रुपये है। आरोपी इलाहाबाद, बक्सर, आरा, जौनपुर, शाहगंज, वाराणसी, मिर्जापुर आदि क्षेत्रों में ट्रेनों से यात्रियों का सामान चुराते थे। आरोपी विनोद डोम निवासी महेबा गाजीपुर, बुधन निवासी अवथी, भावकोल गाजीपुर, मंटू निवासी रघुनाथपुर बरहपुर बक्सर और मंसूर निवासी कांशीराम आवास ओड़वार मुगलसराय के हैं।