हावड़ा से कालका जा रही कालका मेल के स्लीपर कोच में परिवार वालों के साथ
दिल्ली जा रही बालिका के साथ गया के पास छेड़खानी कर रहे एक युवक को जीआरपी
ने गुरुवार को हिरासत में ले लिया।
परिवार वालों की तरफ से
मिली तहरीर पर सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करते हुए जीआरपी ने कोर्ट में
पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
हावड़ा से एक परिवार बुधवार
की शाम कालका मेल से दिल्ली जा रहा था। उनका आरक्षण एस-3 कोच में था।
परिवार में एक 11 वर्षीया लड़की भी थी।
परिवार वालों के अनुसार उसी
कोच में बिहार का एक अन्य युवक विकास कुमार भी यात्रा कर रहा था। गुरुवार
की सुबह करीब पौने तीन बजे ट्रेन गया पहुंची और निर्धारित ठहराव के बाद तीन
बजे रवाना हुई।
ट्रेन के चलते ही बालिका लघुशंका के लिए शौचालय
गई। जब वह बाहर निकलकर अपनी सीट की तरफ बढ़ी तो एक युवक ने उससे छेड़छाड़
की। बालिका के शोर मचाने पर उसके पिता जाग गए और युवक को पकड़कर एस्कार्ट
टीम के हवाले कर दिया।
टीम की सूचना पर ट्रेन के सुबह छह बजे
स्थानीय प्लेटफार्म पर पहुंचते ही जीआरपी के जवानों ने युवक को हिरासत में
ले लिया। बालिका के पिता भी जीआरपी थाने पहुंचे और युवक पर पुत्री के साथ
छेड़खानी करने की तहरीर दी।
इस संबंध में जीआरपी कोतवाली प्रभारी
त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि पिता से मिली तहरीर के आधार पर जीआरपी ने
आरोपी के विरुद्ध पास्को एक्ट समेत आईपीसी की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा
दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी युवक
विकास कुमार (22) नालंदा बिहार का निवासी बताया गया है।