कोतवाली क्षेत्र के बथावर गांव के समीप गुरुवार की देर रात दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने असलहे के बल पर मोबाइल विक्रेता से 20 हजार रुपये नगद और आधा दर्जन मोबाइल फोन लूट लिए। घटना की सूचना मिलते ही एसपी किरीट राठौड़, क्राइम ब्रांच व कई थानों की पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
मुगलसराय के सिकिटिया पशुरामपुर निवासी नंदलाल की सकलडीहा कस्बे में मोबाइल की दूकान है। गुरुवार की देर शाम नंदलाल अपने बेटे को दूकान पर बैठाकर घर चले गये। देर रात दूकान बंद करने के बाद सुभाष भाई संतोष के साथ घर वापस मुगलसराय जा रहे थे। इसी बीच बथावर अखाड़ा के समीप दो मोटर साइकल सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर तमंचा सटा दिया। इसके बाद बैग में रखे करीब आधा दर्जन मोबाइल फोन और पर्स में रखे 20 हजार रुपये लेकर भाग गये। बदमाशों के जाने के बाद नंदलाल ने शोर मचाया तो लोगों की भीड़ जुटी। लोगों ने बाइक आदि से बदमाशों की खोजबीन भी की लेकिन पता नहीं चला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ ही एसपी किरीट राठौड़ भी पहुंच गए। पुलिस ने देर रात मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी। इस बाबत एसपी किरीट राठौड ने बताया कि सीओ चिरंजीव के नेतृत्व में दो टीमे गठित की गई है। शीघ्र ही मामले का खुलासा किया जायेगा। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक सतीश कुमार तिवारी, प्रभारी कोतवाल वंशराज यादव, राधेश्याम सरोज, बलुआ थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह आदि रहे। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही से ही बदमाशों के हौसले बुलंद हैं।