पीडीडीयू नगर। भ्रष्टाचार के आरोप में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने अवैध वसूली के मामले में सोमवार को सैयदराजा में तैनात सिपाही राहुल कुमार का निलंबित कर दिया। वहीं होमगार्ड रणजीत सिंह के सेवा समाप्ति के लिए कमांडडेंट को पत्र लिखकर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
दोनों पर आरोप था कि जहां इनकी ड्यूटी लगाई थी वहां से हटकर दूसरी जगह ट्रकों से अवैध वसूली कर रहे थे। इसकी किसी ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। एसपी संतोष सिंह ने जांच कराई तो ट्रकों से अवैध वसूली की शिकायत सही पाई गई। इसके बाद कार्रवाई की गई है। सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि सैयदराजा थाने पर पर संचालित यूपी100 में नियुक्त सिपाही राहुल कुमार को तत्काल प्रभाव से एसपी ने निलंबित कर दिया है। साथ ही होमगार्ड रणजीत सिंह को तत्काल प्रभाव से यूपी-100 कार्यालय चन्दौली से सम्बद्ध कर दिया गया। साथ ही एसपी ने संबंधित कमांडेंट को होमगार्ड की सेवा समाप्ति के लिए पत्र लिखा है। इससे पुलिसकर्मियों और होमगार्डों में हड़कंप मचा हुआ है। सीओ ने बताया कि दोनों पर ट्रकों से अवैध वसूली की शिकायत मिली थी। इसके बाद एसपी ने कार्रवाई की है।