चकिया। शहाबगंज विकास खंड के ब्लाक प्रमुख के पद को लेकर खींचतान से पिछले दो दिनों से चकिया कोतवाली का माहौल गर्म है। मामला वनभीषमपुर क्षेत्र की क्षेत्र पंचायत सदस्य श्यामप्यारी वनवासी को अपने पाले में करने का है। हालत यह हो गई है कि जहां बुधवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य श्यामप्यारी का अपहरण करने की तहरीर उसके पति ने चकिया कोतवाली में दी तो गुरुवार की शाम कोवाली में उपस्थित होकर श्यामप्यारी ने अपने पति के अपहरण की तहरीर दी। ब्लाक प्रमुख पद के फरवरी 2016 को हुए चुनाव में सरोज सिंह को शहाबगंज का ब्लाक प्रमुख चुना गया था। सरोज सिंह के विरुद्ध चुनाव में पराजित शशि उपाध्याय ने अविश्वास प्रस्ताव पेश कर सरोज सिंह को पद से हटा दिया तथा चुनाव में विजयी होकर शहाबगंज की ब्लाक प्रमुख बन गईं। अब एक बार फिर सरोज सिंह द्वारा शशि उपाध्याय के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की खबरें तेजी से तैर रही हैं।
जिसका नजारा चकिया कोतवाली में पिछले दो दिनों से दिखाई दे रहा है। कोतवाली क्षेत्र के वनभीषमपुर को क्षेत्र पंचायत सदस्य श्यामप्यारी को अपने पाले में करने की कवायद तेज है जिसके तहत कोतवाली का माहौल गर्म रहा।