सदर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को नगर कैली रोड पर चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार से 474 पाउच अंग्रेजी शराब बरामद किया। पुलिस ने कार चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया, किन्तु एक तस्कर पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया और कार को कोतवाली में सीज कर दिया।
सदर कोतवाली में तैनात एसआई उत्कर्ष मौर्या सोमवार को पुलिस कर्मियों के साथ कैली रोड के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी एक लग्जरी कार को शंका के आधार पर रुकने का इशारा किया तो चालक कुद दूर पहले ही गाड़ी रोक दिया और गाड़ी से उतरकर भाग निकला। कार में बैठा दूसरा व्यक्ति भी भागने की फिराक में था कि पुलिस कर्मियों ने उसे दबोच लिया। कार की जांच करने पर उसके पिछली सीट के नीचे 474 व्हिस्की के पाउच पुलिस ने बरामद किया। सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी चंद्रभूषण यादव निवासी सकलडीहा थाना क्षेत्र के डैना गांव का निवासी है। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी ने मौके से फरार हुए युवक की पहचान मोहिनया थाना क्षेत्र का निवासी राहुल के रुप में किया है और दोनो बिहार में शराब बेचने के लिए ले जा रहे थे। बताया कि आरोपी को संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया है।