शहाबगंज। अवैध खनन की शिकायत पर जिलाधिकारी हेमंत कुमार व पुलिस अधीक्षक एसके सिंह ने रविवार को ब्लाक मुख्यालय से सटे अतायस्तगंज स्थित कर्मनाशा घाट का जायजा लिया। एसपी ने दो सिपाहियों को अवैध खनन में सहयोग के आरोप में लाइन हाजिर किया । अधिकारियों ने अवैध खनन के संबंध में ग्रामीणों से जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन सीएचसी व राजकीय पौधशाला का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी पुलिस अधीक्षक संग रविवार की शाम को कर्मनाशा तट पर पहुंच बालू निकालने के लिए बनाए गए रास्ते का अवलोकन किया। एसडीएम से खनन की भूमि का चिह्नांकन कराने को निर्देशित किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उन्हें शनिवार की रात्रि में अवैध खनन की शिकायत मिली थी। इसमें जांच के बाद दोषी मिलने पर स्थानीय थाने के एक हेड कास्टेबल व एक कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया गया है। इसके बाद जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने ब्लाक परिसर में निर्माणाधीन सीएचसी का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य अधूरा होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। सचल वाहन को चालू हालत में कराकर स्वतंत्रता दिवस पर चिकित्सकीय सेवा मुहैया कराने को निर्देशित किया। इसके बाद वे राजकीय पौधशाला का अवलोकन किये। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जेएल सरोज, सीओ प्रदीप सिंह चंदेल, खंड विकास अधिकारी धर्मजीत सिंह, डॉ.ज्ञान प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।