पीडीडीयू नगर। पंडित दीनदयाल जंक्शन पर जीआरपी ने रविवार को जांच अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 7/8 के पश्चिमी छोर के पास से दो अंतरराज्जीय चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए चोर बिहार के रहने वाले हैं। इनके पास से नकदी, जेवरात और नशीला पाउडर बरामद किया है। जीआरपी ने दोनों को विभिन्न धाराओं में जेल भेज दिया।
जीआरपी रविवार की सुबह प्लेटफार्म संख्या सात और आठ के पश्चिमी छोर पर चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी वहां दो लोग संदिग्ध दिखाई दिए। इस दौरान पुलिस ने पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी। पकड़ा गया दीपक सिंह बिहार के भोजपुर जिले के बहिरो गांव के नवादा थाने का रहने वाला है। वहीं रोहित पांडे निवासी बड़की नैनिजोर थाना नैनिजोर जिला बक्सर बिहार का है। जीआरपी ने इनके पास से एक चोरी की सोने की अंगूठी, एक मंगलसूत्र, 27200 रुपये नकद बरामद किया है। अभियुक्त दीपक सिंह के पास से जहरखुरानी करने से संबंधित 120 ग्राम नशीला पॉउडर भी बरामद हुआ। अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि वे दोनों ट्रेनों में लोगों को बहलाकर फुसलाकर अपनी बातों में लाकर उनकी सीट पर बैठ जाते है और जब वो सो जाते है तो उनका सामान लूट पाट कर लेते हैं। जीआरपी को बताया कि बिहार से लेकर, वाराणसी, इलाहाबाद तक गिरोह बनाकर काम करते है। गिरफ्तार अभियुक्तों पर पहले से कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं।