कप्तानगंज। थाना क्षेत्र के देउरपुर बाजार के पास रविवार की सुबह सड़क के किनारे बाइक पर खड़ा होकर रास्ता पूछ रहे बाइक सवार की अनियंत्रित ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। जबकि पत्नी गंभीर रुप से घायल हो गई। उसका वाराणसी के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा। ट्रक और चालक को पकड़ लिया गया। दोनों पुलिस की हिरासत में हैं। मृत रियाजुल हसन (55) पुत्र गुलाम हसन अंबेडकर नगर जिले के टांडा बाजार के निवासी थे। वे अपनी पत्नी जाहिरा (50) को बाइक पर बैठाकर किसी काम से आजमगढ़ आए हुए थे। घर लौटते समय सुबह जैसे ही कप्तानगंज थाना क्षेत्र के देउरपुर बाजार के पास पहुंचे कि अपनी बाइक रोक दिया। बाइक पर बैठे-बैठे ही एक व्यक्ति से कहीं जाने का रास्ता पूछने लगे। अभी बातचीत का क्रम चल ही रहा था कि उधर से गुजरा अनियंत्रित ट्रक ने रियाजुल की बाइक में टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगने पर रियाजुल सड़क पर गिरा और ट्रक के पहिये के नीचे आकर कुचल गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी जाहिरा गंभीर रुप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।