कंदवा। बरहनी विकास खंड के बहोरा चंदेल गांव में दूसरी शादी की जिद पर अड़े युवक ने मां द्वारा इसका विरोध करने पर मंगलवार को घर में रखा केरोसिन पी लिया। हालत बिगड़ने पर खुद ही अपने एक दोस्त के साथ बरहनी पीएचसी पहुंचकर इलाज भी कराया। इलाज करने के बाद डाक्टरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी पर पुलिस के आने से पहले वह अस्पताल से भाग निकला।
गांव निवासी सर्वजीत यादव (30) की शादी पांच वर्ष पूर्व मांगलपुर बरहन गांव निवासी जगनारायण यादव की पुत्री नीतू के साथ हुई थी। किन्ही कारणों से नीतू चार माह बाद ही सर्वजीत को छोड़ कर मायके चली गई। सर्वजीत ने पत्नी को मायके से वापस लाने का कई बार प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। इस पर उसने दूसरी शादी की ठानी लेकिन माता शांति द्वारा विरोध किए जाने पर किरोसिन पी लिया। ब्यूरो