चंदौली। पिपरी कुटिया गांव में हुए गोलीकांड में शामिल आरोपी रिंकू सिंह को धीना पुलिस ने एक दिन के लिए रिमांड पर लिया। रविवार को आरोपी को जिला जेल से धीना थाने लेकर पहुंचे कमालपुर चौकी प्रभारी देवेंद्र यादव ने असलहे की बरामदगी के लिए काफी पूछताछ की। बताया कि आरोपी ने स्वीकार किया है कि हवाई फायरिंग के बाद तंबागढ़ के पास असलहे को अगहर बीर बहुरिया नदी में फेक दिया। उसके निशान देही पर असलहे की तलाश की जा रही है।
धीना थाना क्षेत्र के पिपरी कुटिया गांव में 21 अगस्त को जमीनी विवाद के दौरान एक पक्ष द्वारा पुलिस के सामने कई राउंड हवाई फायरिंग किया गया था। इससे दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति घायल भी हुआ। भुग्तभोगी मिश्री राजभर की तहरीर पर धीना थाने में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत किया था। मामले में पुलिस ने दो लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं फरार चल रहे चार लोगों पर एसपी ने पांच पांच हजार का इनाम घोषित कर दिया। इसी दौरान फरार चल रहे इनामिया आरोपी रणजीत सिंह और रिंकू सिंह उर्फ चंद्रजीत सिंह ने पुलिस को चकमा देते हुए न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया था। जबकि दो अन्य नोनार निवासी प्रदीप सिंह और पचखरी निवासी शेरु सिंह उर्फ नीरज सिंह अभी फरार हैं। मामले में की जांच और असलहे की बरामदगी के लिए धीना पुलिस ने रविवार को एक आरोपी रिंकू सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ की। लेकिन आरोपी द्वारा बताए गए स्थान तंबागढ़ के पास अगहर बीर बहुरिया नदी में काफी खोजबीन के बाद भी पुलिस असलहे को खोजने में नाकाम रही। आरोपी से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं।