मुगलसराय। राजकीय रेलवे पुलिस ने अलग-अलग स्टेशनों से अभियान के दौरान असलहा तस्कर समेत यात्रियों को लुटने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से तीन तमंचा, 34 कारतूस, 21 हजार रुपये नकद, जेवरात और नशीला पाउडर बरामद हुआ है। गहमर स्टेशन से पकड़ा गया असलहा तस्कर बिहार के बक्सर तमंचा कारतूस आपूर्ति करने जा रहा था। जीआरपी वाराणसी के क्षेत्राधिकारी वीके श्रीवास्तव ने बताया कि इनकी लंबे समय से तलाश थी।
मुगलसराय कोतवाली में पत्रकारों को सीओ जीआरपी वाराणसी विमल किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक वीके मौर्य, पुलिस महानिरीक्षक बीआर मीणा और एसपी रेलवे डीके भट्ट के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत मंगलवार की शाम गहमर स्टेशन के प्लेटफार्म एक से एक संदिग्ध पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर के तीन तमंचा, 34 कारतूस बरामद हुआ। उसने अपना नाम रवि मुसहर निवासी महना दिलदारनगर गाजीपुर बताया। रवि ने स्वीकार किया कि वह इन असलहों को बिहार के बक्सर ले जा रहा था। सीओ ने बताया कि रवि लंबे समय से असलहा तस्करी में लिप्त था। इसी तरह दिलदारनगर चौकी प्रभारी केएन मौर्य के नेतृत्व वाली टीम ने जमानियां रेलवे स्टेेशन के प्लेटफार्म संख्या एक से मंगलवार की शाम गुड्डू यादव उर्फ शैलेंद्र निवासी बनाही, शाहपुर भोजपुर और अंकित यादव निवासी जमानियां गाजीपुर को गिरफ्तार किया। उनके पास से 180 ग्राम नशीला पाउडर, 33 सौ रुपये नकद, लेडिज अंगूठी, एक जोड़ी पायल और एक जिउतिया बरामद किया। इसी तरह मुगलसराय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 7/8 के पश्चिमी छोर से अरुण यादव उर्फ अजय निवासी बरुइन जमानिया और मनु राजभर निवासी हरकरनपुर निवासी गहमर गाजीपुर को 180 ग्राम नशीला पाउडर, 18 हजार 500 रुपये नकद बरामद किया। टीम में प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह एसआई अरविंद कुमार सरोज, केएन मौर्य, राजेश कुमार, कांस्टेबल राकेश कुमार, संतोष, प्रह्लाद, मंजीत, नीरज कुमार, सेरोज खां, हबीब खां और अनिल कुमार सिंह रहे।