बाइक सवार युवकों ने आटो सवार शिक्षिका का छीना पर्स
नियामताबाद । अलीनगर थाना क्षेत्र के नियामताबाद गांव स्थित काली मंदिर के समीप चकिया मार्ग पर शुक्रवार की सुबह आटो में बैठी शिक्षिका का पर्स बाइक सवार युवकों ने छीन लिया। शिक्षिका ने शोर मचाया लेकिन तब तक वे भाग गए।
मुगलसराय के जायसवाल स्कूल रोड निवासिनी रंजना मालवीय किसी निजी विद्यालय में पढ़ाती हैं। ब्लाक संसाधन केंद्र पर संचालित राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयीय संस्थान एनआईओएस की डीएलएड प्रशिक्षण के लिए वह आटो से बीआरसी जा रही थी। नियामताबाद गांव स्थित काली मंदिर के समीप आटो पहुंचा ही था कि आटो के पीछे चल रहे बाइक सवार दो युवकों ने शिक्षिका का पर्स छीन लिया। इस पर शिक्षिका ने शोर मचाना शुरू किया जब तक लोग वहां पहुंचते तब तक बाइक सवार युवक चकिया की ओर भाग गए। भुक्तभोगी के अनुसार उसके पर्स में चार हजार रुपये नगद व कुछ जरूरी कागजात थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। (ब्यूरो)
धानापुर। कस्बा स्थित आरा मशीन पर नौ मई को जांच के दौरान वन रक्षक अवधेश मिश्र से मारपीट करने और वर्दी फाड़ने के आरोपी व्यवसायी शिवमूरत और महेंद्र को पुलिस ने शुक्रवार की सुबह रामरजाय चट्टी के पास से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक लिखा-पढ़ी के बाद दोनों का चालान कर दिया गया।
वनरक्षक अवधेश कुमार मिश्रा नो मई को क्षेत्र में जांच पर निकले थे। वह कस्बा स्थित एक आरा मशीन पर गए। यहां उपस्थित शिवमूरत और महेंद्र ने वनकर्मी से गाली गलौज करते हुए मार -पीट की। सरकारी कार्य में हस्तक्षेप करते हुए वर्दी भी फाड़ दी। वनरक्षक ने स्थानीय थाने में नामजद तहरीर दी, इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई। शुक्रवार को गश्त के दौरान रामरजाय चट्टी के पास से दोनों को पकड़ कर पुलिस ने चालान कर दिया।